बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर में भोपाल लोकायुक्त पुलिस ने तहसील के आरआई को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा है। शोभापुर निवासी एक कोलकर्मी से आरआई प्लाट के डायर्वजन के लिए ये रकम मांग रहा था। लोकायुक्त ने गुरुवार की शाम आरोपी आरआई को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया है।
फरियादी प्यारेलाल मेहरा काफी समय से अपने प्लाट के डायवर्सन के लिए परेशान हो रहे थे। उन्होंने दफ्तर के कई चक्कर लगाए लेकिन काम नहीं बना। जिसके बाद उनसे आरआई ने डायवर्सन करने के एवज में 15 हजार रुपए की मांग की। जिसमें से 7 हजार रुपए पहली किस्त के रूप में मांगे। प्यारेलाल ने बताया कि उनके प्लाट का केस एसडीएम कोर्ट में जनवरी 2017 से चल रहा है। जब उन्होंने 7 हजार रुपए देने से मना किया तो सौदा पांच हजार पर तय हुआ। प्यारेलाल ने तंग आकर आरआई की शिकायत लोकायुक्त में 28 अगस्त को की। साथ ही उन्होंने प्रमाण के रूप में बातचीत की टेप रिकार्डिँग भी सौंपी।
पुलिस के बताए अनुसार गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे आरआई मोकल सिंह को रिश्वत और चालान की राशि देने के लिए फोन लगाया। आरआई ने तहसील कार्यालय के पास मिलने बुलाया। यहां पर आरआई को 18330 रुपए दिए। जिसमें 13330 रुपए चालान और 5 हजार रुपए रिश्वत की राशि थी। पुलिस ने नोट पर कलर लगा दिए थे। यह नोट आरआई को दिए। आरआई को नोट देते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। लोकायुक्त पुलिस ने आरआई मोकल सिंह को पकड़कर हाथ धुलाए तो गुलाबी रंग हो गया। लोकायुक्त पुलिस की नौ सदस्यीय टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। आरआई के कपड़ों तक की तलाशी ली गई। लोकायुक्त पुलिस ने आरआई पर केस दर्ज कर जमानत पर छोड़ दिया है।
0 comments:
Post a Comment