सीहोर :मप्र:,भाषा: जिले में
एक और किसान ने कथित तौर पर कर्ज से
परेशान होकर कल खुदकुशी कर ली।
विपक्षी दल कांग्रेस ने दावा किया कि
पिछले माह हुए किसान आंदोलन से अब तक
प्रदेश में 50 से अधिक किसान खुदकुशी कर
चुके हैं। केवल सीहोर जिले में पिछले 27
दिनों में दस किसान खुदकुशी कर चुके हैं।
सीहोर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज
सिंह चौहान का गृह जिला भी है।
जिले के अहमदपुर पुलिस थाने के प्रभारी
निरीक्षक बीडी सिंह ने बताया कि
पथरिया गांव के किसान सूरज सिंह गुर्जर
का शरीर आज सुबह उसके खेत में एक पेड़ की
शाखा पर लटका मिला।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर
विस्तृत जांच कर रही है। जांच के बाद ही
किसान की मौत का सही कारण सामने
आ सकेगा।
मृतक किसान के भाई जसंवत सिंह ने दावा
किया कि कर्ज के कारण उसका भाई
तनावग्रस्त था। जसवंत ने कहा कि हमारे
परिवार के पास संयुक्त रूप से 45 एकड़ जमीन
की खेती है। लेकिन कमजोर फसल होने के
कारण 10 लाख रपये का रिण चुकाने में
असफल रहने पर सूरज ने यह आत्मघाती कदम
उठाया।
गत 8 जून से प्रदेश के सीहोर, होशंगाबाद,
रायसेन, धार, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, सागर,
नरसिंहपुर, टीकमगढ़ और विदिशा जिलों
से किसानों की आत्महत्या करने के
समाचार हैं।
जून के पहले पखवाड़े में पश्चिम मध्यप्रदेश में
किसानों ने कृषि उत्पादों के उचित दाम
और कर्जमाफी सहित अनेक मांगों को लेकर
बड़ा आंदोलन किया था।
कांग्रेस ने कल यहां दावा किया था कि
पिछले एक माह से प्रदेश में 50 से अधिक
किसान आत्महत्या कर चुके हैं। प्रदेश
कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा
कि गत 8 जून से अब तक प्रदेश में 50 किसान
आत्महत्या कर चुके हैं।
मालूम हो कि 6 जून को मंदसौर जिले में
किसान आंदोलन में पुलिस फायरिंग से
पांच किसानों की मौत हो गयी थी और
छह किसान घायल हो गये थे।

0 comments:

Post a Comment

 
न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
Top