हैम्बर्ग ,( भाषा ) भारतीय मुक्केबाजों ने 19वीं विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में जीत के साथ शुरूआत करते हुए पहले दिन सारे मुकाबले जीते ।

अमित फांगल ( 49 किलो ) और गौरव बिधूड़ी ( 56 किलो ) विश्व चैम्पियनशिप में पदार्पण कर रहे हैं और दोनों पहला मुकाबला जीतकर दूसरे दौर में पहुंच गए। एशियाई कांस्य पदक विजेता अमित ने इटली के फेडरिको सेरा को हराया ।

हरियाणा का यह 21 वर्षीय मुक्केबाज पहले दौर में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था लेकिन दूसरे और तीसरे दौर में उसने लय पकड़ी । आखिरी तीन मिनट में उसने दबाव बना लिया ।


अमित ने कहा ,‘‘ सीनियर सर्किट पर यह मेरा पहला साल है जो अच्छा रहा । मैं नतीजों से खुश हूं ।’’ उसने कहा ,‘‘ जूनियर स्तर पर मैं बहुत चर्चित नहीं रहा और मुझे बहुत मौके भी नहीं मिले । सीनियर स्तर पर मैं अच्छे प्रदर्शन की कोशिश कर रहा हूं । मैं पूरा साल अपनी कमजोरियों पर मेहनत करता रहा और इसी वजह से मुझे नतीजे मिल रहे हैं ।’’ अब उसका सामना इक्वाडोर के कार्लोस किपो से होगा । किपो को सातवीं वरीयता मिली है और पहले दौर में उन्हें बाय मिला था ।

गौरव ने विश्व युवा कांस्य पदक विजेता और ओशियाना चैम्पियन सैम गुडमैन को हराया । गौरव ने कद छोटा होने के बावजूद आक्रामक खेल दिखाया और लगातार अपने विरोधी पर हावी रहे । इससे जजों को उनके पक्ष में निर्णय लेने में कोई परेशानी नहीं हुई ।

अब उनका सामना मारीशस के जीन जोरडी वाडामूटू से होगा ।

0 comments:

Post a Comment

 
न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
Top