चंडीगढ़ :भाषा: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में कल अदालत का फैसला आने से पहले हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 72 घंटे के लिये मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का फैसला पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक वी पी सिंह बदनोर की अध्यक्षता में हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ की समन्वय समिति की बैठक में किया गया।

हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव :गृह: राम निवास ने आज यहां कहा, 'मोबाइल इंटरनेट और डाटा सेवाओं को पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में तत्काल प्रभाव से 72 घंटे के लिये निलंबित कर दिया गया है।' उन्होंने कहा कि मोबाइल इंटरनेट और डाटा सेवाओं को ब्लॉक करने के लिये अधिसूचना जारी की जा रही है।

निवास ने कहा कि यह भी फैसला किया गया है कि रेल मंत्रालय से तत्काल चंडीगढ़ आने वाली ट्रेनों को दो दिन के लिये रोकने का अनुरोध किया जाएगा।

उन्होंने कहा, 'हमने रेल मंत्रालय से अनुरोध किया है कि वह चंडीगढ़ की ओर ट्रेनों का आवागमन दो दिनों के लिये रोक दे।' निवास ने कहा कि इसी तरह चंडीगढ़ और पंचकूला की ओर आने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों को पहले ही दो दिनों के लिये रोक दिया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब का संयुक्त नियंत्रण कक्ष चंडीगढ़ के सेक्टर—9 में स्थापित किया जाएगा, जहां दोनों राज्यों के एक पुलिस अधिकारी को डेरा प्रमुख के मामले में अदालत के फैसले के मद्देनजर कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिये पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिये तैनात किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment

 
न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
Top