छापे में 300 लीटर कच्ची शराब बरामद
नवी अहमद :हमीरपुर : पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी के आदेश पर जरिया थाना पुलिस ने क्षेत्र के छिबौली ग्राम पंचायत के कबूतरा का डेरा में छापामार कर कच्ची शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस की छापेमारी देख पुरुष सदस्य मौके से भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस को तीन सौ लीटर कच्ची शराब, दस क्विंटल लहन व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए।
शुक्रवार को जरिया थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय, सरीला चौकी प्रभारी कम्बोध, सिपाही कुलदीप वर्मा, महिला सिपाही कुमकुम कबूतरा का डेरा पहुंच रामदेव व सुरेंद्र के घर में छापा मारा। पुलिस को देख दोनों पीछे के दरवाजे से भाग निकले। मौके पर रामदेव की पत्नी माया व सुरेंद्र की पत्नी रमा को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के घरों से 300 लीटर कच्ची शराब के साथ दस क्विंटल लहन, बरामद किया। टीम को मौके पर शराब बनाने के उपकरण व भट्ठी मिली। जिसको मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं पर आबकारी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को देख कर गांव में हड़कंप मच गया। गांव में कच्ची शराब का कारोबार करने वाले अन्य लोग भी घरों से भाग कर जंगल की ओर चले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी भी दशा में अवैध शराब का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा। आरोपियों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा।

0 comments:
Post a Comment