नवनिर्मित खड़ंजा उखाड़ा
नवी अहमद:- मौदहा कोतवाली क्षेत्र इचौली गांव में अपने दरवाजे खड़ंजा न पड़ने से आक्रोशित दबंगों ने बुधवार की रात नवनिर्मित खड़ंजा उखाड़ फेंका। सवेरे उखड़े पड़े खड़ंजे की खबर मिलने के बाद प्रधान ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इचौली गांव में पल्हर प्रजापति के घर से सीसी रोड तक प्रधान आलोक कुमार द्वारा खड़ंजा बिछवाया जा रहा है। बुधवार को गांव के कमलेश वर्मा ने प्रधान से अपने दरवाजे तक खड़ंजा बिछाने को कहा था। प्रधान ने इस्टीमेट न होने की बात कहकर भविष्य में खड़ंजा बिछवाने का आश्वासन दिया था। इस बात से कमलेश नाराज हो गया। बुधवार की रात उसने अपने साथियों की मदद से दस मीटर खड़ंजा उखाड़ फेंका। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस आरोपी कमलेश को उठा ले गई। जबकि उसके साथी मौके से भाग निकले। उधर, कमलेश की हरकत से ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां खड़ंजा बिछाया गया था वहां चलना-फिरना भी मुश्किल था। अच्छा काम हुआ था, लेकिन दबंग ने अपने दरवाजे तक खड़ंजा न बिछाने से नाराज होकर खड़ंजे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
0 comments:
Post a Comment