हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-55 क्षेत्र में तीन तलाक के बाद मां के घर रह रही महिला को शादी का झांसा देकर कथित रूप से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विवाहित होते हुए भी आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया। महिला ने अदालत के माध्यम से मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का आरोप है कि पति से तीन तलाक के बाद वह दो बच्चों के साथ सेक्टर-55 क्षेत्र के गांव में अपनी मां के घर रह रही है। एक बार उसका परिचय गांव गदपुरी नूंह निवासी जुबेर से हुआ। इसके बाद जुबेर ने महिला से मिलना जुलना शुरू कर दिया। मई 2016 में उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे महिला ने मान लिया। इसका फायदा उठाकर जुबेर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा।
उसने महिला से कहा कि वह एक मकान बनवा रहा है, शादी के बाद दोनों उसी घर में रहेंगे। इसके लिए उसने महिला से दो लाख रुपये और एक किलो चांदी भी ले ली थी। गत 22 जुलाई को महिला को कहीं से पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। महिला ने इस संबंध में आरोपी से बात करने की कोशिश की तो उसने महिला को बुरी तरह पीटा। सिर पर पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी दी।
महिला का आरोप है कि उसने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने की बजाय समझौते के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि एक दिन आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसके भाई व दो रिश्तेदारों का अपहरण कर लिया था। उसने उन्हें छोडऩे के बदले शिकायत वापस लेने और पांच लाख की फिरौती मांगी।
सेक्टर-55 थाना प्रभारी नरेंद्र सांगवान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

0 comments:
Post a Comment