शिमला, 13 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में हिमाचल रोडवेज की दो बसों के आने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि दोनों बसों में 50 से अधिक लोग सवार थे। बादल फटने से भीषण भूस्खलन हुआ।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल :एनडीआरफ:, सेना और पुलिस के दल मौके पर पहुंच गए हैं और वहां जेसीबी मशीन भी तैनात की गई हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि सभी शव बरामद किए जाने तक बचाव अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि मनाली-कटरा बस मेंआठ लोग यात्रा कर रहे थे जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोगों को बचा लिया गया और उनको मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक अधिकारी ने कहा कि दूसरी बस में 47 यात्री थे और यह बस मनाली से चम्बा जा रही थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जी एस बाली और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने भी मौके का दौरा किया।

ठाकुर ने मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रूपये की सहायता राशि दी जाएगी जबकि बाली ने ऐलान किया कि हिमाचल परिवहन निगम की ओर से इन परिवारों को एक-एक लाख रूपये दिये जाएंगे।

    0 comments:

    Post a Comment

     
    न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
    Top