अशोक श्रीवास्तव अमेठी
अमेठी। आईजीआरएस पोर्टल पर समय और गुणवत्ता शिकायतो का निस्तारण करने पर जनपद अमेठी को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनसुनवाई में जनपद को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त होने पर लोगो ने जिलाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन को बधाई दी है। जिलाधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि लोगो की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी। जिलाधिकारी योगेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व व प्रशासनिक जनशिकायतों के निस्तारण में अमेठी जनपद को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। 98.95 प्रतिशत शिकायत निस्तारण की सफलता के साथ अमेठी जनपद प्रदेश के 75 जिलों में अव्वल स्थान पर आने में सफल रहा।
वहीं जनपद के पुलिस विभाग को जन शिकायतों के निस्तारण में 97.78 प्रतिशत निस्तारण के साथ उत्तर प्रदेश में पांचवा स्थान तथा लखनऊ जोन के 11 जिलों में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश में क्षेत्राधिकारी कार्यालय स्तर की समीक्षा में अमेठी, गौरीगंज, तिलोई व मुसाफिरखाना के क्षेत्राधिकारी शत-प्रतिशत निस्तारण के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहे। इसी प्रकार प्रदेश के समस्त थानों की समीक्षा में अमेठी जनपद के अमेठी, कमरौली, जगदीशपुर, जायस, व जामों थाने शत प्रतिशत निस्तारण के साथ प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त करने में सफल रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक बलरामाचारी दुबे ने बताया कि माह अगस्त में क्षेत्राधिकारी कार्यालय स्तर पर गौरीगंज 114, अमेठी 209, तिलोई 113, व मुसाफिरखाना 162 कुल 598 शिकायते प्राप्त हुई थी जिनका निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने अपने अधिकारियों, कर्मचारियों को आने वाले समय में इसी प्रकार की तत्परता के साथ जन शिकायतों के निस्तारण का निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले हर पीडित को न्याय दिलाना हम सबका का कर्तव्य है।

0 comments:
Post a Comment