तूफान ने बंगाल में ली आठ लोगों की जान
देश भर में भीषण गर्मी का कहर जारी रहने के बीच ओडिशा में लू से आज एक और व्यक्ति की मौत हो गयी वहीं पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में तूफान से आठ लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए।
ओड़िशा में गर्मी से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़ कर पांच हो गई है।
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि ओड़िशा के अंगुल में लू से मौत होने की यह तीसरी घटना है। वहीं दो लोगों की मौत बालंगीर और बारगढ़ जिलों में हुई है।
इस बीच राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार ओड़िशा के अधिकतर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ तितलागढ़ राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा।
राज्य के 14 स्थानों में पारा 40 डिग्री को पार कर गया। राजधानी भुवनेश्वर और निकटवर्ती कटक शहर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आज शाम तूफान से आठ लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए।
तीन जिलों के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी एवं पश्चिमी वर्दमान जिलों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। पूर्वी वर्दमान जिले के मोंगोलकोट, गालसी, औसग्राम और पूर्वस्थली में चार लोगों की मौत हो गई वहीं पश्चिमी वर्धमान जिले के जामुरिया में एक और सालनपुर में दो लोग मारे गए।
पुरलिया जिले के पारा में एक पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
तूफान प्रभावित अन्य जिले हैं बीरभूम, बांकुरा, मुर्शिदाबाद, नदिया, हावड़ा, हुगली और कोलकाता।
अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं से बड़ी संख्या में या तो पेड़ उखड़ गए या उनकी टहनियां टूट कर गिर गईं। इस दौरान पूर्व और दक्षिण.पूर्व रेलवे की ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रही। अनेक ट्रेनंे देर से चल रही हैं।
हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि तूफान के कारण शाम को विमानों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
तूफान के कारण ही कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियन्स के बीच ईडन गार्डन में होने वाले आइपीएल मैच में भी देरी हुई।
उधर, राजस्थान में तेज गर्मी का कहर जारी है। कोट और चुरू में अधितक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीकानेर ,जोधपुर, श्रीगंगानगर, बाड़मेड़ और अजमेर में अधिकतम तापमान क्रमश 44, 43.8, 43.6, 43.5, और 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में हिसार सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। यहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दक्षिण बिहार के दूर दराज के इलाकों में हल्की वष्रा हुई राज्य के शेष भागों में मौसम शुष्क रहा।

0 comments:
Post a Comment