नई दिल्ली,23 अगस्त रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने आज कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और हाल में हुई रेल दुर्घटनाओं की पूरी नैतिक जिम्मेदारी ली। उन्होंने संकेत दिया कि उन्होंने इस्तीफे की पेशकश की थी। प्रभु ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण हादसों, यात्रियों के घायल होने और बेशकीमती जानों के जाने से बेहद दुखी हूं।’’ प्रभु ने ट्वीट किया, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री @ नरेंद्रमोदी से मिला और पूर्ण नैतिक जिम्मेदारी ली। माननीय प्रधानमंत्री ने मुझसे अभी इंतजार करने को कहा।’’

उन्होंने कहा कि बतौर रेल मंत्री करीब तीन साल के दौरान उन्होंने अपना ‘‘खून-पसीना’’ रेलवे को दिया है। उन्होंने ट्वीट की एक श्रृंखला में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में व्यवस्थित सुधारों के जरिये दो दशक से उपेक्षा झेल रहे रेलवे को उबारने की कोशिश की। जिससे सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व निवेश हुआ और कई मील के पत्थर स्थापित हुये।’’ पिछले पांच दिनों में एक के बाद एक हुये दो हादसों की वजह से मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

इस बीच सरकार ने एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अश्विनी लोहानी को रेलवे बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है। निवर्तमान अध्यक्ष अशोक मित्तल ने पांच दिनों के अंदर दो रेल हादसों के चलते अपने पद से इस्तीफा रेल मंत्री को सौंप दिया था।

0 comments:

Post a Comment

 
न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
Top