जींद :भाषा: जींद-गोहाना मार्ग पर हांसी-बुटाना ब्रांच
नहर में कार के गिर जाने से हुए दर्दनाक हादसे में लापता पुलिस के सब
इंस्पेक्टर धर्मवीर सैनी (55) का शव सोमवार को पूरे 29 घंटे बाद गोताखोरों
ने बरामद किया।
इस हादसे में सब इंस्पेक्टर की पत्नी
संगीता और उनकी भाभी कृष्णा के शव घटनास्थल से ही बरामद हो गए थे, जबकि कार
में सवार बड़े भाई रघुबीर व उनकी पुत्रवधु मीना को मामूली चोटें आई थी। इन
दोनों को गहरे पानी से ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया था।
धर्मवीर के शव का गोहाना के सरकारी अस्पताल में दोपहर बाद पोस्टमार्टम किया
गया।
हादसे के बाद से प्रशासन ने हांसी-बुटाना ब्रांच
नहर को पीछे से बंद करने के आदेश जारी करवाए थे। रविवार दोपहर तक
सगे-संबंधियों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर लापता धर्मवीर को पानी में
ढूंढऩे का प्रयास किया। करीब 12 किलोमीटर तक ढूंढऩे के बाद तक भी इन्हें
सफलता नहीं मिली। कल दोपहर बाद मधुबन से गोताखोर बुलाए गए थे। गोताखोरों के
आने के बाद सगे संबंधी जींद लौट आए थे, ताकि परिवार की मृतक दोनों महिलाओं
का अंतिम संस्कार किया जा सके। धर्मवीर के शव को ढूंढऩे परिजन भी नहर पर
सुबह पहुंच गए।
उधर, गोताखोर भी ढूंढने में लगे रहे।
परिजन नहर के रिंढाना हेड से भी आगे ढूंढ़ते हुए पहुंचे। चूंकि नहर में भी
पानी पांच फुट रह गया था। परिजनों को धर्मवीर का शव दिखाई दिया। उनके भाई
महावीर, पूर्व पार्षद हरफूल सैनी, पप्पी, सुरेश सैनी ने शव को नहर से
निकाला। वे अपने वाहन में शव को रखकर गोहाना ले गए और पोस्टमार्टम कराया।
Home
»
»Unlabelled
» 29 घंटे बाद मिला लापता सब इंस्पेक्टर का शव
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
0 comments:
Post a Comment