भदोही: (भाषा) बिहार और झारखंड के कुख्यात गांजा तस्कर को आज उत्तर प्रदेश जिले की भदोही पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह यहाँ अपने वकील के ज़रिये गांजा तस्करी के एक मुक़दमे के सिलसिले में आया था।
पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल ने पत्रकारों को बताया कि तीन साल पहले जिले की ऊंज थाना पुलिस ने 20 सितंबर 2014 को जांच के दौरान मारुती कार में छिपाकर रखे गए तीस किलो गांजा बरामद किया था उसी दौरान यह तस्कर मौके से फरार हो गया था। इसकी पहचान बिहार के गया जिला निवासी पिंटू यादव के रूप में हुई थी।
उसने पूछताछ में पुलिस को बताया की वह नक्सल प्रभावित झारखंड से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आपूर्ति करता है। पिछले दस सालों से इस धंधे में था लेकिन आज तक पकड़ा नहीं गया क्योंकि वह नक्सलियों के इलाके में छिप जाता था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया की यहाँ के मामले में तीन साल से फरार होने पर बिहार और झारखण्ड पुलिस से लगातार सम्पर्क किया जाता रहा और उसकी संपत्ति भी कुर्क की गई लेकिन उसको पकड़ा नहीं जा सका। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन यहाँ की मिली तब उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त यादव अपने आपराधिक मामलों के सिलसिले में कई बार पहले भी जिले की अदालत में आया था लेकिन उसे कोई पहचानता नहीं था, इसलिए धड़ल्ले से कचहरी में घूमता था। जब वह आज गया से यहाँ आया तब पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया। उसे नेशनल हाइवे दो पर कलिंजरा मोड़ पर पुलिस ने देशी पिस्तौल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
0 comments:
Post a Comment