आसपास के गांवों का विकास कराएं
अशोक श्रीवास्तव अमेठी
अमेठी : फैक्ट्रियां अपने आस-पास के गांवों में मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध कराएं। साथ ही अपने यहां काम करने वाले मजदूरों का दुर्घटना बीमा कराने का आदेश डीएम ने जिम्मेदारों को दिया है। उन्होंने फैक्ट्री के अधिकारियों व ग्राम प्रधानों के साथ बैठक करते हुए ये निर्देश दिए।
शनिवार को जिला अधिकारी योगेश कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र टिकरिया में स्थापित रेल नीर प्लांट, भारत पेट्रोलियम बाटलिंग प्लांट व एसीसी सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारियों व ग्राम प्रधानों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इसमें ग्राम प्रधानों ने शिकायत की कि रेल नीर प्लांट द्वारा जमीन से जल का दोहन करने के कारण जलस्तर नीचे चला गया है। साथ ही पानी भी दूषित हो रहा है। इस पर डीएम ने प्लांट मैनेजर से पूछा कि इसके बारे में क्या उपाय किया गया है। इस पर वे कोई जवाब नहीं दे सके। डीएम ने ग्रामीणों को स्वच्छपेय जल उपलब्ध कराने के लिए फैक्ट्री के सीएसआर मद से सोलर आरओ लगाने का आदेश दिया है। उन्होंने फैक्ट्री के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में और आसपास पौधरोपण, स्वास्थ्य शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सीएसआर मद से उपलब्ध कराएं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके यहां काम करने वाले मजदूरों का वे बीमा कराएं। ऐसा न करने पर और दुघर्टना होने पर परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराना पडे़गा। वहीं, एसीसी फैक्ट्री से निकलने वाले डस्ट से किसानों की फसल पर बुरा असर पड़ रहा है। इस पर डीएम ने इसके लिए प्रबंध करने का आदेश दिया है। बैठक अपर जिलाधिकारी ईश्वर चंद्र, उपजिलाधिकारीमोतीलाल यादव, एई पर्यावरण, एई जल निगम के साथ ही ग्राम प्रधान खजुरी जितेंद्र, ग्राम प्रधान गुडूर राम प्रकाश सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

0 comments:
Post a Comment