गुवाहाटी/कोलकाता/लखनऊ(भाषा) असम और पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर पानी घटने से हालात में सुधार के बावजूद इन दोनों राज्यों में छह और लोगों की मौत बाढ़ से हो गई।

हालांकि उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में बाढ़ की भयानक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ क्योंकि नेपाल से आ रहे पानी की वजह से बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।

असम में बाढ़ में अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 16 जिलों में 22 लाख लोग बाढ़ के प्रकोप को झेल रहे हैं।

असम राज्य आपदा प्रबंधन अथॉरिटी की रिपोर्ट के अनुसार धुब्री, मोरीगांव और गोलाघाट जिलों में एक-एक लोगों की मौत हो गई और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में इस साल मरनेवाले लोगों की संख्या 147 पहुंच गई है।

कल तक असम के 20 जिलों में बाढ़ से 26 लाख लोग पीड़ित हैं।

पश्चिम बंगाल में बाढ़ की वजह से तीन लोगों की मौत के साथ 22 जुलाई से अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच मालदा से जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यहां महानंदा के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। पूर्व रेलवे कोलकाता से मालदा तक ही ट्रेन चला रहा है क्योंकि उत्तरी बंगाल, बिहार और असम में सैलाब की वजह से आगे की यात्रा बंद है।

उत्तर प्रदेश की रिपोर्ट के मुताबिक सेना के हेलीकॉप्टर, एनडीआरएफ और पीएसी जवान राज्य के 22 बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

सरकार के सूत्रों के मुताबिक यहां 15 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

उन्होंने बताया कि नेपाल से पानी छोड़ी जाने और लगातार हो रही बारिश की वजह से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और बचाव का कार्य प्रभावित हो रहा है।

0 comments:

Post a Comment

 
न्यूज मिरर © 2017. All Rights Reserved. Powered by santosh PYASA
Top